Landslide Sikkim: उत्तर सिक्किम में भीषण भूस्खलन, सेना के 3 जवान शहीद, 9 अब भी लापता..
सिक्किम में भूस्खलन का कहर, सेना के 3 जवान शहीद, 9 लापता...

Landslide Sikkim: सिक्किम राज्य के लाचेन में सेना के शिविर में सोमवार को भूस्खलन हो गया। और इस हादसे में उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के माधोटांडा थाना क्षेत्र के गांव धुरिया पलिया निवासी जवान लखविंदर सिंह शहीद हो गए। 15 साल से सेना में सेवा दे रहे लखविंदर एक महीने पहले ही में छुट्टी बिताकर ड्यूटी पर लौटे थे।

आपको बता दे कि शहीद के पिता गुरुदेव सिंह किसान हैं। बड़ा भाई पलविंदर सिंह खेती में हाथ बंटाता है। बेटे के बलिदान की सूचना मिलते ही पूरा परिवार टूट गया। घर पर क्षेत्रीय लोगों का तांता लग गया है। लोग पहुंचकर परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं। पत्नी का रो-रो कर बुरा हाल है। लखविंदर सिंह की डेढ़ माह पहले ही बेटी हुई थी। छुट्टी पर घर आए लखविंदर बेटी को देखकर ही ड्यूटी पर लौटे थे। अब पीछे उनकी पत्नी, एक पांच साल का बेटा और नवजात बेटी रह गई है। सूचना मिलते ही गांव में मातम पसर गया।

बता दे कि केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लखविंदर सिंह के बलिदान पर गहरा दुख जताया। उन्होंने लिखा, “पीलीभीत के वीर सपूत हवलदार लखविंदर सिंह के बलिदान को शत्-शत् नमन। उनका यह त्याग राष्ट्र सदा याद रखेगा।” स्थानीय प्रशासन ने भी परिजनों से संपर्क कर हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है।
सिक्किम समेत पूर्वोत्तर के कई राज्य इन दिनों मूसलाधार बारिश और भूस्खलनों की चपेट में हैं। असम और अरुणाचल प्रदेश में अब तक 10-10 लोगों की जान जा चुकी है। तीन हजार से अधिक घर बर्बाद हो चुके हैं, जबकि दस हजार से अधिक लोग राहत शिविरों में शरण लेने को मजबूर हैं। मणिपुर में 31 और असम में 155 राहत शिविर बनाए गए हैं। मौसम विभाग ने 5 जून तक बारिश जारी रहने की चेतावनी दी है।

सेना शिविर पर गिरा पहाड़, लापता में अधिकारी और परिजन भी शामिल
गंगटोक में तैनात सेना अधिकारी ने बताया कि भारी बारिश के चलते लाचेन के चाटन क्षेत्र में रविवार शाम शिविर पर अचानक पहाड़ टूट पड़ा। मलबे में छह लोग अब भी लापता हैं, जिनमें लेफ्टिनेंट कर्नल प्रीतपाल संधू, उनकी पत्नी (सेवानिवृत्त स्क्वाड्रन लीडर) आरती संधू, बेटी अमायरा, सूबेदार धर्मवीर, सिपाही सइनुद्दीन पीके और सिपाही सुनीलाल मुचाहरी शामिल हैं। एनडीआरएफ व सेना की टीमें मलबा हटाकर तलाश में जुटी हैं।